फिरोजाबाद। जिला मुख्यालय पर छठवें दिन भी शिक्षामित्रों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। सरकार द्वारा उनके पक्ष में फैसला न लिए जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। दोपहर में तुलसी पैलेस पर समाज कल्याण राज्यमंत्री गुलाब देवी को शिक्षामित्रों ने ज्ञापन दिया। राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री तक शिक्षामित्रों की बात को पहुंचाने का आश्वासन दिया।
शिक्षामित्रों ने तुलसी पैलेस में चल रहे भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। जहां राज्यमंत्री गुलाब देवी का घेराव किया। राज्यमंत्री को शिक्षक नेता ओमप्रकाश जादौन के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर शिक्षामित्रों ने अपने पक्ष में फैसले की मांग की। सुप्रीम कोर्ट से समायोजन निरस्त होने के कारण बेरोजगार हुए शिक्षामित्रों का धरना-प्रदर्शन छठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन कर रहे शिक्षामित्रों का समर्थन करने के लिए अटेवा संघ, अनुदेशक एसोसिएशन एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। शिक्षामित्रों की इस लड़ाई में साथ देने का आश्वासन दिया।