आगरा। ट्रांसपोर्ट नगर में तीन करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही आरसीसी की सड़कों का काम रोकने के बाद बारिश में नारकीय हालात हो गए हैं। ट्रांसपोर्ट नगर के व्यापारी बारिश के बाद कीचड़ और जलभराव से बेहाल हैं। आवास विकास विभाग ने सड़कों का काम अधूरा छोड़ दिया है।
ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडलायुक्त ने तीन करोड़ रुपये से टीपी नगर की चार सड़कें बनाने के निर्देश दिए थे। आधी सड़कें भी अब तक नहीं बनी हैं। पहली बारिश में ही जलभराव हो गया। सड़कें ऊंची और दुकानें नीचे हो गई हैं। ट्रांसपोर्टर मंडलायुक्त से मिले भी थे, लेकिन 20 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
वीरेंद्र गुप्ता बने ड्राइवर ट्रेनिंग स्कूल कमेटी सदस्य
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अध्यक्ष एसके मित्तल ने ट्रांसपोर्ट चैंबर अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता को ड्राइवर ट्रेनिंग स्कूल कमेटी का सदस्य नियुक्त किया है। देश में कुशल ड्राइवरों की कमी को दूर करने के लिए ट्रेनिंग स्कूल में तकनीकी जानकारी के साथ नियमों के साथ ड्राइविंग करने वालों को प्रशिक्षित किया जाएगा।