एटा। बेटी से सामूहिक दुराचार कराने की आरोपी मां को शुक्रवार रात मारहरा पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने अपहृत किशोरी को भी पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस किशोरी और उसकी मां से पूछताछ कर रही है।
मारहरा क्षेत्र निवासी युवती ने अपनी मां पर बेचने और सामूहिक दुराचार कराने का आरोप लगाया था। शिकायत पर मारहरा पुलिस ने आरोपी मां और कस्बा निवासी युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता युवती की छोटी बहन को भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी मारहरा अनूप कुमार भारती ने बताया कि युवती की मां और छोटी बहन से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह वर्ष 2008 में मां के साथ दिल्ली गई थी। इसके बाद वह कभी घर नहीं आई।
घर से जाने के बाद वह पहली बार थाना मारहरा आई है। एसओ ने बताया कि लड़की के बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद मां सहित अन्य आरोपियों से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि दो दिन पहले एक युवती ने एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया था कि उसकी मां ने अपने प्रेमी सहित अन्य लोगों से सामूहिक दुराचार कराया था और मोटी रकम बेच दिया था। उसने आरोप लगाया था कि उसकी छोटी बहन का अपहरण करा दिया गया है।