जसराना (फिरोजाबाद)। तहसीलदार की कार्यप्रणाली एवं रजिस्ट्रार कानूनगो के व्यवहार से आहत लेखपालों ने तहसील में काली पट्टी बांधकर कार्य किया। इस दौरान लेखपालों ने तहसील में प्रदर्शन करते हुए दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण की मांग की।
काली पट्टी बांधकर तहसील में प्रदर्शन करते हुए लेखपाल संघ के अध्यक्ष पवन कुमार यादव ने कहा कि तहसीलदार जसराना लेखपालाें के उत्पीड़न करने का कार्य कर रहे हैं। तहसीलदार लेखपालों से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हैं।
लेखपालों के एरियर की समस्यायों का भी समाधान नहीं किया जा रहा है। आधा दर्जन से अधिक लेखपालों का एरियर कई वर्षों से लंबित पड़ा है। कर्मठता एवं लगन से कार्य करने के बाद भी लेखपाल एवं कानूनगो को प्रतिकूल प्रविष्ट देकर कार्य करने वाले लेखपालों के मनोबल को तोड़ने का कार्य किया जा रहा है। लेखपालों ने कहा कि अगर 22 जून तक समस्यायों को समाधान नहीं किया गया तो 23 जून से बेमियादी धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर तहसील के समस्त लेखपाल मौजूद रहे।