मैनपुरी। जिला अस्पताल में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित बीस मरीजों की चौबीस घंटे में मौत हो गई। इनमें 14 मरीजों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिन्हें कोरोना संदिग्ध माना जा रहा है। चार मरीजों को फेंफडों में संक्रमण था, जबकि एक मरीज बुखार से पीड़ित था। एक की मौत हृदयघात से हुई। पिछले 24 घंटों में जिला अस्पताल में जिस प्रकार से मरीजों की मौत हुई उससे यहां का स्टाफ और डॉक्टर भी हैरान हैं। सात मरीजों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
शहर के पुलिस लाइन क्षेत्र निवासी 56 वर्षीय रामनिवास, भोगांव के मक्खनपुर निवासी 70 वर्षीय रामरतन, बरनाहल के कसौनी निवासी राधेश्याम की 65 वर्षीय पत्नी मिथलेश और शहर के मोहल्ला न्यू गाड़ीवान निवासी 75 वर्षीय किशन लाल को फेंफड़ों में संक्रमण के चलते जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को भर्ती कराया गया था। देर रात उपचार के दौरान चारों की मौत हो गई। एसपी कोठी के पास निवास करने वाले 74 वर्षीय मोहम्मद इशाक, सकीट निवासी 57 वर्षीय सुदामा लाल, बरनाहल के दलेल नगर निवासी 45 वर्षीय वेदप्रकाश, शहर के मोहल्ला न्यू गाड़ीवान निवासी 85 वर्षीय रामलाल, शहर के मोहल्ला यदुवंश नगर निवासी 60 वर्षीय पुष्पा देवी, बिछवा के नरायनपुर निवासी 25 वर्षीय रामवीर, पुरानी कोतवाली गंगा घाट कानपुर निवासी 68 वर्षीय मायादेवी, आगरा रोड निवासी 58 वर्षीय रामशंकर, छिबरामऊ निवासी 65 वर्षीय मलिखान सिंह को सांस लेने में दिक्कत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी बृहस्पतिवार की रात जिला अस्पताल में मौत हो गई।
इसके अतिरिक्त भोगांव के गांव सिवाई निवासी 30 वर्षीय मानवेंद्र सिंह, अजीतगंज निवासी 57 वर्षीय राजेंद्र सक्सेना, बेवर निवासी 34 वर्षीय अमित गुप्ता, भोगांव के बानपुर निवासी 26 वर्षीय सुदेश कुमार और रठेरा निवासी 80 वर्षीय माखन सिंह को शुक्रवार की सुबह सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के गांव बिछिया निवासी 60 वर्षीय कृपाल सिंह को पिछले छह सात दिनों से बुखार, और सर्दी जुकाम की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। शुक्रवार को परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव लालपुर सथिनी निवासी 65 वर्षीय राजेश्वरी देवी को शुक्रवार की सुबह हृदयघात पड़ा परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।