फिरोजाबाद। बृहस्पतिवार को करीब साढे़ ग्यारह बजकर 25 बजे अचानक नेचुरल गैस की सप्लाई बाधित हो गई। लगभग 12 मिनट तक गैस सप्लाई बाधित होने की वजह से फिरोजाबाद और मक्खनपुर में संचालित करीब 35 कांच इकाईयों को 20 करोड़ से ज्यादा का नुकसान होने की आशंका है। गैस सप्लाई बाधित होने के कारण जिन इकाईयों को नुकसान हुआ है। उनमें अधिकांश ऑटोमैटिक एवं कांच बोतल का निर्माण होता है। अचानक गैस सप्लाई प्रभावित होने के कारण कांच उद्योग जगत में खलबली मच गई। कांच उद्यमी जानकारी के लिये गैल अफसरों को फोन घनघनाते रहे। हालांकि लगभग 12 मिनट के बाद ही गैस आपूर्ति नियंत्रित हो गई।
बृहस्पतिवार को लगभग 11:20 तक फिरोजाबाद एवं मक्खनपुर में संचालित कांच बोतल इंडस्ट्रीज और निर्यात योग्य कांच आयटम तैयार कराने वाली इकाईयों में उत्पादन प्रक्रिया सुचारू थी। अचानक करीब 11:25 पर एक साथ कई इकाईयों में नेचुरल गैस की सप्लाई से जुडे़ सायरन बजने लगे। गैस आपूर्ति से जुड़ा सायरन बजते ही कांच बोतल इंडस्ट्रीज एवं ऑटोमैटिक ग्लास इकाईयों में कारखानेदार और कर्मचारियों में खलबली मच गई। चंद सेकेंड में ही कारखानों की गैस फर्नेस ठंडी पडने के साथ गैस चलित भारी भरकम जनरेटर बंद हो गए। कांच को आकार देने वाली मोल्ड मशीनों का तापमान अनियंत्रित हो गया। हालांकि कारखानों में मौजूद तकनीशियनों ने किसी तरह से स्थिति को संभाला। हालांकि लगभग 12 मिनट के बाद ही कारखानों में नेचुरल गैस की सप्लाई का प्रेशर नियमित हो गया। स्थिति को संभालने के लिये गेल इंडिया के कर्मचारियों को खासी दौड़ धूप करनी पड़ी। लेकिन इस पूरी कवायद के दौरान फिरोजाबाद और मक्खनपुर में संचालित करीब 35 कांच इकाईयों को लगभग 20 करोड़ का चुना लग गया।