गोवर्धन (मथुरा)। चुनाव से पहले मंगलवार की देर शाम गोवर्धन पुलिस ने राजस्थान हथियार सप्लाई करने जा रहे दो बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस द्वारा दूसरे राज्य की सटी सीमा पर वाहनों की आवाजाही पर लगातार चेकिंग की जा रही है।
मंगलवार की शाम सात बजे चुनाव को देखते हुए थाना गोवर्धन पुलिस राजस्थान सीमा को जोड़ने वाले गांव मुड़सेरस पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे कि बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर युवकों के पास बोरे से 5 देसी पिस्टल 32 बोर, 35 कारतूस, 5 तमंचा 315 बोर, 48 कारतूस बरामद हुए।
दोनों युवक इन हथियारों को राजस्थान की सीमा में सप्लाई करने ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवकों के नाम इरफान खां व जाहुल खां पुत्रगण जाकिर खां निवासी हाथिया बरसाना बताया हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अंतर्राज्यीय सीमा पर दो लोगों को मोटरसाइकिल पर हथियार सहित पकड़ा है। भारी मात्रा मिले हथियार व इस गिरोह से जुड़ेे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।