एटा। पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के राज्यपाल और कुलाधिपति कल्याण सिंह ने कहा कि चार साल में राजस्थान की उच्च शैक्षिक व्यवस्थाओं में खासा परिवर्तन हुआ है। नकल पूरी तरह से रुकी है। 1990 से बंद दीक्षांत समारोह शुरू हुए हैं। दशकों से रुकी डिग्रियों का वितरण कर दिया गया है।
तीन दिन के जिला प्रवास के बाद रवाना होने से पूर्व रविवार को शांतिनगर आवास पर उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय दीक्षांत समारोह वे शिक्षाविदों, छात्रों से भेंटकर शैक्षिक व्यवस्थाओं पर राय व सुझाव लेते हैं। शिथिलता पर प्राचार्य, प्रॉक्टर सहित दो प्रभावी प्रोफेसर का निलंबन किया जाता है। प्रदेश में 25 विश्वविद्यालय संचालित हैं।
------------
हर विश्वविद्यालय का एक आदर्श गीत
कुलाधिपति ने बताया कि राजस्थान में संचालित 25 विश्वविद्यालयों को अपना आदर्श गीत बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसमें क्षेत्र की उपलब्धियों व गौरवशाली इतिहास घटनाओं को शामिल करने को कहा गया है। ताकि विद्यार्थी गौरवशाली इतिहास से प्रेरित रहें।
------------
विश्वविद्यालयों को स्मार्ट गांव का लक्ष्य
कुलाधिपति कल्याण ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में संचालित सभी विश्वविद्यालयों को हर वर्ष एक उपेक्षित गांव को स्मार्ट गांव बनाने का लक्ष्य देते हैं। इससे जहां उक्त गांवों में अशिक्षा दूर होती है साथ ही सड़क, बिजली, पानी, शौचालय जैसी मूल आवश्यकताओं से भी संतृप्त हो रहे हैं। इससे पिछड़े गांवों की तस्वीर बदल रही है।