फिरोजाबाद। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक नगला भाऊ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बांकेबिहारी मैरिज होम में रविवार को हुई। पूर्व विधायक अजीम भाई ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी मुखिया शिवपाल यादव फिरोजाबाद लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लडे़ंगे।
जल्द ही इसकी घोषणा होगी। उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव का सांप्रदायिक शक्तियों के साथ तालमेल है। एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पिता-पुत्र वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ दिख रहे हैं। जिन लोगों ने उन्हें संसद में पहुंचाया, सांसद बनने के बाद उन्हीं लोगों को जेल में पहुंचाया।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने कहा कि शिवपाल यादव ने पिछले दिनों सैफई में हुई बैठक में चुनावी तैयारी के निर्देश दिए हैं। वह फिरोजाबाद से चुनाव लडे़ंगे। दिसंबर में शिकोहाबाद में बड़ी रैली होगी। छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश भाटी ने कहा कि छात्र और युवा शक्ति मिलकर देश व प्रदेश की तानाशाह सरकार को उखाड़ फेेंकेगी।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख मीना राजपूत ने कहा, किमेरा समाज शिवपाल यादव को समर्थन देगा। नीरज यादव, आलोक वर्मा, गुलाब साबिर, राजकुमार यादव, मंजय यादव, डॉ. शहरयार अली, डॉ. केपी सिंह, सत्यप्रकाश एडवोकेट, रघुराज सविता, पप्पू यादव, उदयवीर यादव, महेशचंद्र वर्मा, लाखन सिंह राजपूत आदि शामिल थे।