मथुरा। श्रीगिर्राज सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में 23 अक्तूबर को गिरिराज तलहटी में होने वाले छप्पन भोग महोत्सव के लिए मंगलवार को अन्नपूर्णा रथ रवाना कर दिए गए। पांच ट्रकों में बने इस रथ में छप्पन भोग सामग्री लदी है। वहीं, स्थल पर सजावट प्रारंभ हो गई है। दिन-रात कारीगर जुटे हुए हैं।
शरद पूर्णिमा पर आन्यौर परिक्रमा मार्ग गोवर्धन स्थित ब्रज वसुंधरा में होने वाले इस आयोजन से पूर्व 22 अक्तूबर को जड़ी-बूटी, दुग्ध व अन्य सामग्रियों से गिरिराज जी का अभिषेक किया जाएगा। ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी मय परिवार सप्तकोसीय परिक्रमा देंगे। 23 अक्तूबर को भक्त एक श्रृंखला तैयार कर छप्पन भोग व्यंजन की डलिया को रसोई से स्थल तक पहुंचाएंगे।
छप्पन भोग स्थल से एक किमी पहले से ही भव्य सजावट की जा रही है। छप्पन भोग स्थल पर मथुरा-आगरा के कारीगर 40 फुट ऊंचा वाटर प्रूफ पंडाल तैयार कर रहे हैं। छप्पन भोग का यह प्रसाद 2111 टोकरियों में रखा जाएगा। स्थल पर 5 तोरण द्वार बनाए गए हैं। देशी-विदेशी फूलों से उन्हें सजाया जा रहा है।
इस दौरान तैयारियों को लेकर हुई बैठक में दीनदयाल, प्रदीप, महेश, सुरेश, दीनदयाल, विष्णु स्वरूप, मुकेश कुमार डब्बू, एएन भाटिया, अशोक सराफ, देवेन्द्र बंसल, जयंती प्रसाद, दिलीप सराफ, पुरूषोत्तम सराफ, विजय माहेश्वरी, कृष्णदास, दिनेश चन्द्र अग्रवाल, राम अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल आदि ने शरदोत्सव को भव्य बनाने के सुझाव दिए।
श्रीनाथद्वारा शैली में होगा शृंगार
गिरिराज जी का शृंगार श्रीनाथद्वारा शैली में किया जाएगा। इसके लिए कोलकाता व बैंगलोर से गेंदा, रायबेल, रजनीगंधा, कुंद आदि के फूल मंगाए गए हैं। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को वितरित किए जाने वाले प्रसाद के लिए अलग से टीमें लगाई गई हैं।