फिरोजाबाद/टूंडला। इलाहाबाद मंडल के रेल प्रबंधक अमिताभ कुमार ने रविवार को टूंडला स्टेशन एवं रेलवे परिक्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान गंदे शौचालय, टूटी टाइल्स, और जर्जर आवास मिलने पर नाराजगी जताते हुए स्वच्छता की नसीहत दी। रेल कर्मियों की समस्याएं सुन कर निराकरण के आदेश दिए।
डीआरएम अमिताभ कुमार सुबह 10 बजे के करीब स्पेशल ट्रेन से टूंडला पहुंचे। डीटीएम समर्थ गुप्ता और स्टेशन अधीक्षक अमर सिंह ने बुके भेंटकर स्वागत किया। डीआरएम प्लेटफार्म नंबर पांच का निरीक्षण करते हुए सर्कुलेटिंग एरिया में चर्च देखा। इसके बाद बैडमिंटन और विलियर्ड के लिए प्रसिद्ध फ्रेंड्स क्लब देखा। क्लब की हालत जर्जर होने पर नाराजगी जताते हुए हालत सुधारने के निर्देश दिए। डीआरएम ने रेलवे कालोनियों में घूमकर रेल आवास देखे।
जर्जर आवास को खाली करा कर कंडाम घोषित करने और नए आवास बनाने के निर्माण विभाग को निर्देश दिए। डीआरएम ने कंट्रोल रुम में पौधरोपण किया। नए सीटीसी (सेंट्रलाइज ट्रैफिक कंट्रोल) देखा। उन्होंने कंट्रोल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को ट्रेनों को सुरक्षित एवं समय पर चलाने के निर्देश दिए।
रेलवे कालेज में पहुंचे डीआरएम को शौचालय गंदे और टाइ-स टूटी मिलीं तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए शौचालय सही कराने के निर्देश दिए। खुला नाला बंद कराने के लिए सीवर लाइन डलवाने के साथ जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान की प्रयोगाशाला निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीआरएम अभिताभ कुमार रेलवे कॉलोनियों में पहुंचे। उन्होंने रेल आवासों में रह रहे कर्मचारियों के परिवारों से समस्याए सुनीं। उन्होंन्ने बिजली, पानी, सड़क की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। रेल कर्मचारियों को बुलाकर समस्याएं सुनीं। डीआरएम ने कहा कि रेल कर्मी बिना परेशानी के काम करेंगे तो रेल सेवा बेहतर होगी।