मथुरा। मंगलवार दोपहर बाद आई बारिश ने महानगर को ताल तलैया का रूप दे दिया। जगह-जगह सड़क पर भरे पानी के कारण लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ा। वहीं महानगर की बाहरी क्षेत्रों की कालोनियों में पानी भर गया।
करीब आधा घंटे आई बारिश से महानगर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया। बीएसए कॉलेज की पुलिया, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, भूतेश्वर के रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे के अलावा बीएसए पुलिया से संबंधित कालोनी द्वारिकापुरी, मंशापुरी, कृष्णापुरम, नवनीत नगर आदि कालोनियों में जलभराव हो गया।
धौलीप्याऊ से सटी कालोनी नटवर नगर, चंदनवन, हनुमान नगर आदि कालोनियों में घरों के आगे जलभराव हो गया। इससे बारिश के बाद लोगों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर आयुक्त समीर वर्मा ने बताया कि शहर के पानी की निकासी के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही जलभराव से निकासी के लिए सीवर और नाला निर्माण की योजना तैयार की जा रही है।