एटा/अलीगंज। खेत से लौट रहे कक्षा दसवीं के छात्र की गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस छात्र को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। घटना कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के लड़सिया गांव की है।
बुधवार देर शाम अंशुल पुत्र राजपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के बाबा भीषमपाल का कहना है कि उनका पौता अंशुल कक्षा दसवीं में अलीगंज के आरडी इंटर कॉलेज में पढ़ता है। शाम करीब सात बजे वह शौच को खेत पर गया था। लौटते समय अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। अंशुल की चीख सुनकर खेत से लौट रहे अन्य लोगों ने शोर मचाया। किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंशुल को स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश में तो नहीं चली गोली :
ग्रामीणों ने बताया कि होली पर भी जमीनी विवाद को लेकर भीषमपाल और गांव के दूसरे परिवर में जमकर गोली चली थी। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
प्रेमप्रसंग में चली गोली :
गांव के कुछ लोगों का कहना है कि अंशुल का गांव की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी लड़की पक्ष के लोगों को हो गई थी। इसको लेकर छात्र की हत्या की गई है।
कक्षा दसवीं के छात्र की गोली मारकर हत्या की गई है। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जाएगी।
अजय भदौरिया, सीओ - अलीगंज