मथुरा। उत्तर प्रदेश वेटरनेरी विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर कक्षाओं की सीटें भी खाली रह गई हैं। इसमें एमवीएससी के साथ पीएचडी भी शामिल हैं। कालेज ऑफ बायोटेक के लिए विवि एक बार फिर तीसरी काउंसलिंग कराने जा रहा है।
वेटरनेरी विवि में स्नातक कक्षाओं के बाद अब स्नातकोत्तर के लिए काउंसलिंग का आयोजन किया। इसमें एमवीएससी के लिए 60 सीट निर्धारित हैं। इसमें 43 सीटों पर विवि द्वारा एडमिशन का प्रावधान है, जबकि 17 सीट पर आईसीएआर (भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद) द्वारा छात्रों को भेजा जाता है। विवि की 43 सीट में से सिर्फ 26 पर ही एडमिशन हुए। कई छात्र काउंसलिंग के दौरान मनमाफिक विभाग न मिलने के कारण लौट गए।
इसके अलावा पीएचडी की 25 सीटें हैं। इसमें 15 सीटें विवि के कोटे में हैं, 10 सीटें आईसीएआर के लिए आवंटित हैं। काउंसलिंग के दौरान विवि में पीएचडी के लिए 5 एडमिशन ही हो सके हैं। इस बार विवि में पीएचडी के लिए क्वालीफाइड करने वालों की संख्या भी बहुत सीमित रही।
वहीं, वेटरनेरी विवि अब कालेज ऑफ बायोटेक में रिक्त सीटों पर एडमिशन के लिए एक बार फिर काउंसलिंग करने जा रहा है। बीएससी बायोटेक और बीएससी इंडस्ट्रियल माइक्रो बायोलॉजी के लिए 10 अगस्त को काउंसलिंग होगी।