शिकोहाबाद। बटेश्वर भोलेनाथ पर गंगाजल चढ़ाकर लौट रहे श्रद्धालुओं की तीन बाइक आपस में भिड़ गईं, जिससे उन पर सवार मासूम समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। गंभीर हालत में सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सिरसागंज के गांव भजेरा बुजुर्ग निवासी रंजीत (20) और राहुल (30) पुत्र मुन्नालाल कांवड़ लेकर बटेश्वर भोले बाबा पर गंगाजल चढ़ाने गए थे। गंगाजल चढ़ाकर बाइक से लौट रहे थे, तभी ब्रह्माबाद के पास तीन बाइक आपस में भिड़ गईं। इससे बाइकों पर बैठे अजीत (22) पुत्र लल्लूराम निवासी नगला प्रजापति सिरसागंज, अनिल कुमार (25) पुत्र चंद्र प्रकाश निवासी नसीरपुर, साधना देवी (28) पत्नी भूपेंद्र सिंह निवासी मेलावाला बाग, हरिश्चंद्र पुत्र लोकीराम (40) निवासी बन्नाहा भोगांव मैनपुरी, प्रियांशू (5) पुत्र उमेश निवासी भजेरा बुजुर्ग, पवन (24) पुत्र सूरजपाल निवासी ठारपूठा रामगढ़, और ब्रजभान (19) पुत्र राजेंद्र निवासी भजेरा बुजुर्ग सिरसागंज घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। सूचना पर नसीरपुर पुलिस पहुंची और घायलों को संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जानकारी होती ही घायलों के परिजप रोते-बिलखते संयुक्त चिकित्सालय के लिए दौड़ पड़े।
घायलों को देखते ही अस्पताल के आसपास मंड़राते प्राइवेट एंबुलेंस संचालक इकट्ठे हो गए और घायलों को अपनी-अपनी एंबुलेंस में ले जाने के लिए होड़ मच गई। मरीजों को अपनी एंबुलेंस में बैठाने को लेकर घायलों की खींचतान करने लगे। इससे उनमें विवाद हो गया। घटना को देख इमरजेंसी में मौजूद तीमारादर और मरीजों ने एंबुलेंस चालकों की निंदा की।