फिरोजाबाद/टूंडला। दिल्ली रेलखंड पर टूंडला के निकट भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया। इसके चलते डाउन रेलमार्ग बाधित हो गया। करीब सवा घंटे बाद मालगाड़ी का इंजन लगाकर राजधानी एक्सप्रेस को चलाया गया। इस दौरान अन्य राजधानी एक्सप्रेस सहित एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं।
नई दिल्ली से भुवनेश्वर जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस रविवार शाम करीब 7.25 बजे करीब मितावली-टूंडला रेलवे स्टेशनों के बीच पहुंची तभी अचानक ट्रेन के इंजन ने काम करना बंद कर दिया। इसके चलते ट्रेन खड़ी हो गई। रेल चालक ने इंजन में आई तकनीकी खराबी को सही करने का प्रयास किया, किंतु उसे सफलता नहीं मिली। तब उसने टूंडला नियंत्रण कक्ष को अवगत कराया।
टूंडला से मालगाड़ी का इंजन निकालकर राजधानी एक्सप्रेस में लगाने के निर्देश दिए। करीब सवा घंटे बाद एक मालगाड़ी का इंजन निकालकर राजधानी एक्सप्रेस में लगाया गया। तब रात 8.40 बजे करीब ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान नईदिल्ली-पटना एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, अमृतसर-कटियार एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, दिल्ली पैसेंजर एवं गुड्स ट्रेनों सहित करीब एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं।