एटा। श्रावण मास का पहला सोमवार शिव भक्तों के नाम रहा। मंदिरों में सुबह से जलाभिषेक और पूजा अर्चना करने वालों की भीड़ रही। प्रसिद्ध कैलाश महादेव मंदिर में शाम की आरती में भी सैकड़ों शिव भक्तों का हुजूम उमड़ा।
पवित्र माह का पहला सोमवार शिव भक्तों के लिए आकर्षण बन गया। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में पूजा के थाल लिए शिव भक्तों की भीड़ मंदिरों की ओर थी। कैलाश महादेव मंदिर में जलाभिषेक पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही लाइन लगी थी। सैकड़ों कांवड़ियों ने अर्द्धरात्रि के बाद जलाभिषेक कर पुण्य लाभ कमाया। मंदिर परिसर बम भोले के जयकारों एवं घंटे-घड़ियालों से गूंजते रहे। शहर के अन्य मंदिरों इंद्रपुरी शिव मंदिर, जनता दुर्गा मंदिर, शांती नगर दुर्गा मंदिर, सर्वोदय शिव मंदिर, बालाजी मंदिर, बालाजी मंदिर आदि में भी भक्तों का हुजूम उमड़ा। दिनभर रही रिमझिम बारिश भी भक्तों का उत्साह कम नहीं कर सकी। कैलाश मंदिर पर शाम की विशेष आरती में भी सैकड़ों भक्त शामिल हुए।
फूल-धतूरा और बेलपत्र की मांग बढ़ी, फल महंगे हुए
पर्व के चलते फूल, धतूरा एवं बेलपत्र की मांग चरम पर रही। लोग सुबह से ही बेल पत्र और धतूरा तलाशते दिखे। इतना ही नहीं शहर के प्रसिद्ध कैलाश महादेव मंदिर पर बेलपत्र-धतूरा आदि बेचने वालों ने हजारों रुपए कमाए। दान पुण्य व उपवास के चलते फलों के भाव चढ़ गए। केला पचास से साठ रुपए दर्जन, सेब 200 रुपए किलो एवं आम साठ रुपए किलो तक पहुंच गया।
जलाभिषेक कर बाबा भोले नाथ को किया प्रसन्न
अलीगंज। सावन के पहले सोमवार को शिवालयों पर भक्तों का सैलाव उमड़ा। सुबह चार बजे से ही जलाभिषेक एवं पूजा अर्चना का दौर शुरू हो गया।
सोमवार को दिनभर मंदिरों हर-हर महादेव के बोल गूंजते रहे। हाथो में थाल लिए महिला पुरुष और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिरों में धूप अगरबत्ती की खुशबू से नगर और देहात महकने लगा। नगर के माता महाकाली मंदिर, शिवालय तथा गमादेवी मंदिर पर भक्तों की भीड़ देर शाम तक देखी गई। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर बेलपत्र धतूरा आदि अर्पित कर पूजा अर्चना की।
कासगंज। सावन के पहले सोमवार को शिव भक्तों की भीड़ शिव मंदिरों में उमड़ पड़ी। भक्तों ने शिव मंदिरों में पहुंचकर भोले बाबा की पूजा अर्चना कर मनौती मांगी। हर-हर महादेव, भोले बाबा की जय के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कांवड़ियों ने भी मंदिरों पर पहुंचकर कांवड़ें चढ़ाईं।
सोमवार को सुबह से ही शिव भक्त शिवालयों पर पहुंचना शुरु हो गया। हाथों में जल कलश और पूजा की थाली लिए मंदिरों की ओर जाते भक्तों का अतिरेक देखते ही बन रहा था। बारिश के बाद भी भक्तों के उत्साह में कमी नहीं आई। बारिश में भीगते भक्त मंदिरों पर पहुंचे। भक्तों ने दूध, दही, शहद, गंगाजल आदि से भोले बाबा का अभिषेक किया। भोले बाबा को विल्व पत्र, भांग, धूतरा आदि समर्पित किया गया। चंदन का लेप लगाकर भोले बाबा को प्रसन्न किया। नगर के गली शिवालय मंदिर, प्रभु पार्क स्थिति मनकामेश्वर मंदिर, गली बौहरान स्थिति शिव मंदिर, भूतेश्वर स्थित भूतेश्वर मंदिर, पंखा वाला बाग स्थित शिव मंदिर, माल गोदाम रोड स्थित शिव मंदिर सहित अन्य सभी शिव मंदिरों में भक्तों ने शिव का अभिषेक कर पूजा अर्चना की। भक्तों ने पूजा अर्चना के उपरांत भोले बाबा की आरती उतारी। शिव भक्तों द्वारा ऊं नम: शिवाय, महा मृत्युंजय के जाप व शिव चालीसा, शिव स्त्रोत के पाठ किए गए। कांवड़ियों ने गंगा घाटों से लाए गए जल से शिव का अभिषेक कर भोले बाबा को प्रसन्न किया और मनौतियां मांगी। बड़ी संख्या में भक्तों ने उपवास रखे।