कोसीकलां (मथुरा)। शनिवार को भीषण गर्मी भी श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डिगा सकी। हजारों श्रद्धालुओं ने सूरज कुंड में डुबकी लगाई और शनिदेव के दर्शन किए। पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। वहीं सूरज कुंड में स्नान करने वालों की भीड़ लगी हुई थी।
कोकिलावन धाम में शुक्रवार रात में ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया, जो कि शनिवार देर रात तक बना रहा। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर शनिदेव की पूजा-अर्चना की। बिहारी जी महाराज के अद्भुत दर्शन के दौरान फूलों की सुगंध मंदिर को महका रही थी। हजारों श्रद्धालुओं ने कोकिलावन की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते हजारों वाहन जाम में फंसे रहे। मंदिर के चारों ओर जाम लगा रहा। श्रद्धालुओं का सैलाब देर रात तक मंदिर पर उमड़ता रहा। जाम से श्रद्धालुु कराह उठे। मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर तैनात पुलिसकर्मी नदारद रहे। जाम खुलवाने में पुलिस ने भी कोई रुचि नहीं दिखाई।
तीन मोबाइल, दो पर्स चोरी
कोकिलावन में शनिदेव के दर्शन करने आए दिल्ली निवासी सुशील कुलश्रेष्ठ, रोहतक के राजपाल सिंह, पलवल के नरेन्द्र शर्मा का मोबाइल एवं अलवर के रघुवीर सैनी, पलवल के नरेन्द्र शर्मा का पर्स चोर पार कर ले गए। सभी लोग बिना रिपोर्ट दर्ज कराएं अपने गंतव्य को प्रस्थान कर गए।