मथुरा। गोवर्धन, राधाकुंड, गोकुल, बलदेव और नंदगांव में शराब की दुकानों पर ताले जड़ गए हैं। राज्य सरकार द्वारा तीर्थ स्थल घोषित किए जाने के बाद यहां सभी शराब और भांग की दुकान बंद कर दी गई हैं।
ब्रज में होली खेलने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरसाना में ब्रज के पांच स्थलों को तीर्थ का दर्जा देने की घोषणा की थी। इसमें नंदगांव, राधाकुंड, गोवर्धन, बलदेव और गोकुल शामिल थे। इससे पहले राज्य सरकार बरसाना और वृंदावन को भी यह दर्जा दे चुकी थी। बरसाना में मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद राज्य सरकार ने इस आशय का शासनादेश जारी किया। इसमें यहां मास, मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित की गई है।
इस प्रक्रिया में जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर राधाकुंड में तीन शराब और एक भांग की दुकान, नंदगांव और गोकुल में शराब की तीन-तीन तथा भांग की एक-एक दुकान, बलदेव में शराब की सात और भांग की एक तथा गोवर्धन में शराब की नौ, एक मॉडल शॉप तथा एक भांग की दुकान को बंद कर दिया गया है।
इस तरह शराब की 26 तथा पांच भांग की दुकान बंद की गई हैं। बरसाना में शराब की दुकान इससे पहले ही बंद कर दी गईं। जिला आबकारी अधिकारी ओमवीर सिंह ने बताया कि तीर्थ स्थल घोषित होने के बाद संबंधित स्थलों से शराब और भांग की दुकान बंद कर दी गई हैं। इनमें से कई दुकान अन्य स्थलों पर स्थानांतरित भी की गई हैं।