बरसाना(मथुरा)। आगरा स्वाट टीम के सिपाही की हत्या में फरार चल रहे 15 हजार के इनामी को बरसाना पुलिस ने गांव हाथिया से पकड़ लिया। पांच साल से फरार चल रहे शातिर अपराधी के खिलाफ थाना बरसाना और एत्मादपुर में लूट, हत्या और बवाल के मुकदमें दर्ज हैं।
आगरा की स्वाट टीम ने अपराधियों की शरण स्थली थाना बरसाना के गांव हाथिया में 2013 में दबिश दी थी। इस दबिश में बदमाशों की गोली में स्वाट टीम के सिपाही सतीश परिहार की मौत हो गई थी। पुलिस की मानें तो इस हत्याकांड में नन्नू उर्फ नंदू शामिल था, तभी से वह फरार चल रहा था।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार तोमर और स्वाट टीम प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने गांव हाथिया में दबिश देकर पांच साल से फरार 15 हजार रुपये के इनामी को पकड़ा है।
2013 में सिपाही सतीश परिहार की हत्या का आरोप भी इस पर था। इस पर थाना बरसाना में लूट, हत्या, बलवा और करीब इतने मामले आगरा के थाना एत्मादपुर में भी दर्ज है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस टीम को 10 हजार को इनाम दिया है।