ठगी के अाराोपी काो पकड़े लाोग।
- फोटो : अमर उजाला
एटा। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर लखनऊ की कंपनी ने युवाओं से वसूली की। कई महीनों तक लोन नहीं मिलने पर आक्रोशित युवाओं ने गुरुवार को कंपनी के किदवई नगर स्थित कार्यालय का घेराव कर लिया। इस दौरान मौके पर मिले एक युवक को पीटा गया। इस दौरान कार्यालय में बैठे कर्मचारी फरार हो गए।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में स्वरोजगार के लिए लोने दिलाने के नाम पर लखनऊ की एक कंपनी ने युवाओं से एक-एक हजार रुपये वसूल कर लिए। इसके बाद पूछताछ करने पर फाइल पास न होने की बात कहकर टरका दिया। ऐसे में गुरुवार को सैकड़ों युवाओं ने कंपनी के कार्यालय का घेराव कर लिया। प्रदर्शन करते हुए आवेदक राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने योजना के तहत एक लाख रुपये के लोन के लिए लखनऊ की किदवई नगर स्थित कार्यालय पर आवेदन किया था। कंपनी के लोगों ने उससे आधार कार्ड समेत तमाम दस्तावेजों की फोटो कापी के साथ फाइल पास कराने के नाम पर एक हजार रुपये लिए। उन्होंने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों ने 35 दिन में लोन दिलाने का वादा किया था, लेकिन उनको अब तक कोई लाभ नहीं मिला। कंपनी के कर्मचारियों से बात करने पर उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। इस दौरान कार्यालय पर बैठे युवकों से प्रदर्शन करने वाले युवाओं ने लोन को लेकर बात की तो वे भाग खड़े हुए। आवेदकों ने लोन को लेकर पीड़ित युवक धर्मेंद्र को पकड़कर मारपीट कर दी। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा, लेकिन कोई हल नहीं निकलने पर लोग मायूस होकर लौट गए।
प्रशासन को नहीं है जानकारी
केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की योजनाओं के नाम पर लोग लूटे जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन को जानकारी ही नहीं हैं। जिले में पिछले छह महीने से चल रहे खेल की भनक तक प्रशासन को नहीं है। गुरुवार को हंगामे के दौरान भी पुलिस नदारद रही।