एटा। जिला कृषि एवं औद्यागिक विकास प्रदर्शनी (एटा महोत्सव) में इस बार सरकारी कार्यक्रमों पर जोर रहेगा। प्रदर्शनी के माध्यम से प्रशासन तमाम सरकारी आयोजनों को निपटाने की तैयारी में है। एक ओर बड़े आयोजनों से जनता का मनोरंजन करने की कवायद है, तो दूसरी ओर सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन करा संदेश देने की तैयारी। इसके हर विभाग से कार्य योजना मांगी गई है। प्र्रत्येक कार्यक्रम के संयोजक के साथ एक-एक नोडल अधिकारी की तैनाती की जा रही है।
पिछले वर्षों तक रंग महोत्सव में कार्यक्रमों का दारोमदार निजी संयोजकोें के हवाले था। प्रशासन कार्यक्रम के हिसाब से हर संयोजकों को सहयोग मुहैया कराता था। इसके बाद प्रशासन कार्यक्रम को लेकर कोई संजीदगी नहीं दिखाता था। इस बार डीएम अमित किशोर ने प्रदर्शनी आयोजन को लेकर खुद रुचि ली है। इसके चलते पूरा प्रशासनिक अमला प्रदर्शनी को भव्य बनाने में जुटा है।
बड़े कार्यक्रमों के आयोजन का जिम्मा संयोजकों के साथ एक-एक नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। वहीं प्रदर्शनी में समाज कल्याण विभाग द्वारा सामूहिक विवाह समारोह और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा विकलांग उपकरण वितरण शिविर आयोजन कराने का विचार है। सीडीओ उग्रसेन पांडेय ने विभागों के अधिकारियों की बैठक कर अपनी-अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैैं। वहीं प्रदर्शनी में आयोजनों को विशेष रूप देने की योजना पर भी विचार चल रहा है। प्रभारी अधिकारी प्रदर्शनी और एडीएम वित्त एवं राजस्व महेश चंद्र शर्मा ने बताया कि इस बार रंग महोत्सव में कार्यक्रम भव्य तरीके से होंगे।
संयोजकों की बड़ी चिंता
एटा महोत्सव में कार्यक्रम केे लिए आवेदन करने वाले संयोजकों की चिंता बढ़ गई है। अब तक संयोजक प्रशासन के सहयोग को मनमाने तरीके से खर्च करते थे लेकिन इस बार प्रभारी अधिकारियों की तैनाती होने से इस पर पाबंदी लगेगी।
एडीएम वित्त को बनाया प्रभारी अधिकारी
प्रदर्शनी के आयोजन को लेकर एडीएम वित्त एवं राजस्व महेश चंद्र शर्मा को प्रभारी अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी अनिल उपाध्यय और सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत सुधाकर मैथिल को सहायक प्रभारी प्रदर्शनी, नाजिर सदर प्रदीप सक्सेना को प्रदर्शनी सहायक, राजेश शर्मा को वरिष्ठ सहायक और सुरेंद्र सिंह को भी सहयोगी बनाया गया है।