फिरोजाबाद। भाजपा राष्ट्रीय के अध्यक्ष अमित शाह के उद्बोधन के दौरान नारेबाजी करने वाले पीएसीएल कंपनी के एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अध्यक्ष अमित गर्ग सहित तीन समर्थक खुद एसपी सिटी से हाथ जोड़कर नारेबाजी नहीं करने की बात कहते रहे लेकिन इस दौरान खाकी ने एक नहीं सुनी। पुलिस ने तीन लोगों को ही हिरासत में लिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डा.अनिल जैन के पिता लाला कुमरसैन अग्रवाल की पुण्य स्मृति में आयोजित सेवा उत्सव समारोह में जैसे ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कर उद्बोधन शुरू हुआ, तभी सामने बैठे ऑल इंडिया इन्वेस्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गर्ग के साथ उनके समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हाथ में कंपनी से भुगतान दिलाए जाने संबंधी मांगपत्र थे।
नारेबाजी होते ही पुलिस का ध्यान उनकी ओर गया। एसपी सिटी राजेश सिंह एवं थानाध्यक्ष रामगढ़ सहित कई पुलिस कर्मी पहुंचे। फोर्स देख कइयों ने टोपियां तक उतार लीं। लेकिन पुलिस ने अमित गर्ग के साथ उसके दो साथियों को पकड़ लिया। अमित गर्ग पुलिस अधिकारियों से नारेबाजी नहीं करने की बात कहता रहा, लेकिन वहां से बाहर ले जाया गया। बाद में थाना उत्तर भिजवा दिया है।