फिरोजाबाद/टूंडला। दूध के रेट कम करने पर गुरुवार को दूधियों ने सैकड़ों लीटर दूध फैलाया। रेट बढ़ाने की मांग पूरी कराने के लिए दूधियों ने पशु पालकों से दूध नहीं लिया। दूधियों ने जमकर नारेबाजी की। गुुरुवार को शहर में दूध नहीं आने से बाजार में दूध की कमी दिखाई दी।
डेयरी संचालकों द्वारा 31 रुपए लीटर लिया जा रहा दूध अब 26 रुपए प्रति लीटर कर खरीदा जा रहा है। इसी को लेकर दूधियों में उबाल है। दूधिए दूध के रेट बढ़ाने की मांग को लेकर दो दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन करते हुए दूधिए दूध सड़कों पर फैला कर डेयरी संचालकों से दूध के रेट बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
दूधियों का कहना है कि डेयरी संचालक उनसे मात्र 26 रुपए लीटर दूध खरीद रहे हैं, वे पश ुपालकों से 32 से 35 रुपए प्रति लीटर दूध खरीद रहे हैं। आरोप है कि डेयरी संचालक कम रेट पर दूध खरीद कर लोगों को महंगे रेट बेच रहे हैं। जबकि उनके दूध के रेट बढ़ाने के बजाए कम कर दिया है।
महंगाई के दौर में रेट नहीं बढ़ने से नुकसान हो रहा है। गुरुवार को एक दर्जन से अधिक दूधियों ने विरोध प्रदर्शन कर बनकट रेलवे क्रासिंग के पास करीब पांच सौ लीटर से अधिक दूध सड़क पर फैलाते हुए डेयरी संचालकों के विरुद्घ नारेबाजी की। दूधियों ने उप जिलाधिकारी से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
डेयरी संचालकों द्वारा दूध के रेट नहीं बढ़ाने पर गुरुवार को दूधियों ने पशुपालकों से दूध नहीं खरीदा। दूधिया गुुरुवार को दूध निकलवाने के लिए पशु पालकों के पास नहीं पहुंचे तो वे परेशान हो गए। ऐसे में पशुपालक स्वयं दूध लेकर बेचने के लिए बाजार निकल में गए।
गुरुवार को दूधियों द्वारा बाजार में दुकानों पर दूध की सप्लाई कम दी। इसके चलते चाय और मिठाइयों की दुकानों पर दूध की कमी हो गई। चाय विक्रेताओं ने बताया कि दूधिया दूध लाए हैं, लेकिन वे अन्य दूधियों से छुपते-छुपाते आए हैं। ऐसे में दूध की कमी पूरा करने के लिए वे गांव से दूध लाकर चाय के लिए दूध की पूर्ति करेंगे। हालांकि अभी कुछ दूधिया दूध ला रहे हैं।