कोसीकलां (मथुरा)। कोकिलावन के गणेश मंदिर में गुरुवार की सुबह पांच बजे मंदिर में आरती कर रहे महंत पर बाइक सवारों ने गोलियां बरसा दीं। गोली उनके कंधे और जांघ पर लगी है। घटना के दौरान लहूलुहान महंत मंदिर में ही गिर गए। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महंत के भाई ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। हमले के पीछे बताया जा रहा है कि महंत किसी झगड़े में गवाह हैं। उन पर दबाव बनाया जा रहा था कि वह गवाही न दें।
छाता के रहमान पाड़ा निवासी लाडिलीदास (35) कोसीकलां के कोकिलावन में शनिदेव मंदिर के परिक्रमा मार्ग में स्थित गणेश मंदिर में 20 साल से महंत हैं। गुरुवार की सुबह महंत मंदिर की आरती कर रहे थे तभी बाइक पर आए तीन युवकों ने गोलियां बरसा दीं। इसमें एक गोली महंत की जांघ और दूसरी कंधे पर लगी है। वह लहूलुहान होकर वहीं, गिर पड़े । घटना के बाद गोलियां बरसाने वाले हमलावर भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महंत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। महंत पांच साल पहले हुए दूसरे के झगड़े में गवाह बताए जा रहे हैं। महंत के बड़े भाई महेंद्र पुत्र खच्ची ने बठैंनकलां निवासी उदयचंद उर्फ उद्दी, पीतम और एक अन्य के खिलाफ थाना कोसीकलां में तहरीर दी है। एसएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही तीनों हमलावरों को गिरफ्तार सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
2013 में जानलेवा हमले का मान रहे गवाह
मथुरा। महंत लाडिलीदास की माने तो साल 2013 में बठैंनकलां के श्याम पंडित पर हमला हुआ था। वह घायल श्याम को अस्पताल ले गए थे। इस वजह से उनके विरोधी गुट के लोग उन्हें गवाह मानकर चल रहे हैं। जबकि वह कहीं भी गवाह नहीं हैं। हमलावरों ने पहले भी कई बार उन्हें धमकी दी है।
------
एक हफ्ते में दो महंतों पर हुए हमले
मथुरा। एक हफ्ते में दो महंतों पर हुए हमलों से दहशत फैल गई है। कहीं जमीनी विवाद निकल कर आ रहा है तो कहीं पुरानी रंजिश। 27 नवंबर को एक महंत की हत्या कर दी गई थी जबकि शुक्रवार को गोली मारकर घायल कर दिया गया। एक हफ्ते में दो मंदिर के महंतों पर हुए हमले ने कानून व्यवस्था की कलई खोलकर रख दी है। 27 नवंबर को मांट के बुर्जा आश्रम में रामदास महाराज (60) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने यहां जमकर लूटपाट भी की। इस हत्याकांड का खुलासा करने में पुलिस अभी तक विफल रही है। तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस हत्याकांड के खुलासे के आसपास तक नहीं पहुंच सकी।
‘महंतों पर हुए हमले को लेकर पुलिस सजग है। जल्द ही दोनों महंतों पर हुए हमलावरों को पकड़कर पुलिस सलाखों के पीछे पहुंचाएगी। कोसीकलां में महंत पर हुए हमले में मुकद्दमा दर्जकर जांच की जाएगी।’
-स्वप्निल ममगाई, एसएसपी