मथुरा। मेडिकल स्टोर पर अब टीबी के मरीजों का भी डाटा रखना होगा। ऐसा न करने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। सचिव स्वास्थ्य उप्र ने डीएम को निर्देश दिए हैं।
टीबी प्रतिरक्षण कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है।
केंद्र सरकार ने देश से टीबी की बीमारी को खत्म करने की समय सीमा तय कर दी है। इसके तहत ही टीबी प्रतिरक्षण के प्रोग्राम संचालित होने हैं। इसी प्रक्रिया को लेकर पिछले सप्ताह लखनऊ में प्रदेश भर के कोआर्डिनेटर की बैठक हुई।
इसमें टीबी रोगियों को लेकर समीक्षा की। इस दौरान मरीजों का पता लगाने के लिए मेडिकल स्टोर पर शेड्यूल वन रजिस्टर के अवलोकन के निर्देश दिए। इस रजिस्टर में गंभीर बीमारी से संबंधित मरीजों का रिकार्ड दर्ज करने के निर्देश हैं। इसकी सूचनाएं संचालक को जिला स्तरीय कमेटी को देनी होती हैं।
अधिकांश मेडिकल स्टोर पर इस रजिस्टर में मरीजों का डाटा दर्ज करने में लापरवाही की जा रही है। इसके लिए उन्होंने डीएम को निर्देश जारी किए हैं कि सभी मेडिकल स्टोर पर उक्त रजिस्टर की जांच कराएं, लापरवाह संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बैठक में भाग लेने आए जिला पीपीएम समन्वयक आलोक तिवारी ने कहा कि शासन टीबी की बीमारी को लेकर कई स्तर पर काम कर रहा है। इसमें मेडिकल स्टोर पर ऐसे मरीजों को डाटा रखना भी शामिल है।