जसराना। थाना क्षेत्र के गांव नगला तुरसी में तिलक समारोह के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच दहेज की रकम को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट और पथराव हुआ। मैनपुरी निवासी वर पक्ष की सूचना पर मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। इससे पीआरवी वाहन का शीशा टूट गया। वधू पक्ष ने वर पक्ष पर दहेज एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना जसराना अंतर्गत गांव नगला तुरसी निवासी फतेह के बेटे अजय का शनिवार की रात तिलक समारोह था। अजय का रिश्ता मैनपुरी जनपद के गांव नगला मता निवासी सुरेश सिंह की बेटी से तय हुआ था। वधू पक्ष द्वारा तिलक समारोह में दिए गए सामान और रकम पर वर पक्ष ने एतराज जताया। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने पर मारपीट हो गई।
इसके चलते तिलक समारोह में भगदड़ मच गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। मामला बिगड़ते देख वधू के भाई दीपक पुत्र सुरेश ने फोन पर सूचना देकर पुलिस बुला ली। पीआरवी के पहुंचते ही मारपीट करने वाले लोग भाग निकले। इस दौरान पत्थर लगने से पीआरवी वाहन का शीशा टूट गया। एसओ जसराना अनिल कुमार ने बताया वधू पक्ष की तहरीर पर वर पक्ष के विरूद्व मारपीट एवं दहेज एक्ट में रिपोर्ट दर्ज हुई ह्र्रै।