मक्खनपुर। रविवार हाईवे पर दौड़ रही एक टाटा मैजिक में आग लग गई। गनीमत रही है कि चालक ने गाड़ी समय रहते रोक ली। वाहन रुकते ही सवारियां उतर कर भाग निकलीं। मौके पर पहुंची थाना पुलिस और फायर बिग्रेड ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक टाटा मैजिक जल चुकी थी।
रविवार की सुबह करीब नौ बजे शिकोहाबाद से फिरोजाबाद जा रही एक टाटा मैजिक में इंदुमई के समीप आग लग गई। पहले बोनट के पास से धुआं उठा, ड्राईवर कुछ समझ पाता इससे पहले पूरे वाहन में आग लग गई। आग लगते ही उसमें बैठी सवारियों में चीखपुकार मच गई। मैजिक ड्राईवर राजीव पुत्र रामनरेश निवासी सहायपुर असुआ थाना शिकोहाबाद ने वाहन रोक लिया।
जैसे ही वाहन रुका सवारियां जान बचा कर भागने लगीं। थोड़ी देर में टाटा मैजिक धू-धूम कर जलने लगी। इसके चलते हाईवे पर दौड़ रहे वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। सूचना मिलते ही थाना मक्खनपुर पुलिस और शिकोहाबाद से फायर बिग्रेड की गाड़ी आनन-फानन में मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक टाटा मैजिक पूरी तरह से जल चुकी थी।