जीटी रोड पर ट्रक और ट्रेक्टर ट्राली की घटनपा के बाद आक्रोसितों ने लगाया जाम
एटा। ट्रैक्टर और कैंटर की टक्कर के बाद लापता हुए ट्रैक्टर चालक के परिवारीजनों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। एक घंटे बाद जब चालक घर पहुंचा, तब जाकर लोग हाईवे से हटे। हटाया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोतवाली देहात क्षेत्र के बारथर निवासी देवेंद्र पुत्र अमर सिंह शहर निवासी शशि प्रकाश निवासी ठंडी सड़क का ट्रैक्टर चलाता है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे वह जीटी रोड स्थित अग्रवाल पेट्रोल पंप से ट्रैक्टर में डीजल डलवाकर भट्टे पर जा रहा था। उसी समय सामने से आ रहे कैंटर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर चालक देवेंद्र वहां से अचानक गायब हो गया। उसकी ट्रैक्टर मालिक ने तलाश कराई, लेकिन उसका पता नहीं लगा।
बाद में मामले की जानकारी पाकर चालक के परिवारीजन मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ट्रैक्टर मालिक पर देवेंद्र को गायब करने का आरोप लगाते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम लगाने के बाद परिवारीजन लापता चालक के न मिलने तक जाम लगाने की बात कहते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन गुस्साए लोगों ने जाम नहीं खोला।
एक घंटे बाद जब चालक घर पहुंच तो जाम खोला। ट्रैक्टर से जब हादसा हुआ उस समय चालक नशे की हालत में था। हाईवे पर लगे एक घंटे जाम को लेकर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिसे यातायात पुलिस ने मशक्कत करते हुए हटवाते हुए ट्रैफिक सुचारु कराया।
एंबुलेंस को दिया रास्ता
एटा। हाईवे पर जाम लगा चालक की बरामदगी की मांग करने वाले आक्रोशित लोगों ने उस समय सभ्यता का परिचय दिया जब एक सरकारी एंबुलेंस दो घायलों को लेकर जाम में खड़ी थी। जिसे लोगाें ने मार्ग से हटते हुए निकल जाने दिया।
जाम लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
एटा। चालक की बरामदगी की मांग कर हाईवे पर एक घंटे तक जाम लगाने और पुलिस की बात न मानने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तय कर ली है। कोतवाली नगर प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि हाईवे पर जाम लगाने वाले पन्द्रह नामजदों के साथ ही साठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कराया जा रहा है।