एटा। स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न सरकारी योजनाओं में सरकारी संचालित एंबुलेंस सेवा पिछले पांच दिन से वेंटिलेटर पर है। शासन से डीजल कार्ड रिचार्ज नहीं होने से एंबुलेंस में डीजल खत्म होने से मरीजों को घर से लाने और घर छोड़ने की व्यवस्था ठप पड़ी है।
चार से पांच बार उधार डीजल भरवाने के बाद अब पेट्रोल पंप सचालक एंबुलेंस उधार डीलर नहीं दे रहे। ऐसे में एंबुलेंस सेवा के पहिये ठप पड़ गए हैं। हालांकि कुछ डीजल कार्ड रिचार्ज होने से कई एंबुलेंस के पहिए घूमने लगे हैं। रविवार को करीब बीस एंबुलेंस के पहिए पूरी तरह ठप रहे।
जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, एलएस समेत 40 सरकारी एंबुलेंस हैं। इनमें 102 नंबर की 22, 108 नंबर की 16 और दो लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस हैं। एलएस को छोड़कर पिछले पांच दिन से जिले में एंबुलेंस का डीजल कार्ड रिचार्ज नहीं हुआ है। सात लाख रुपये उधार होने से पेट्रोल पंप संचालकों ने उधार डीजल देने से इनकार कर दिया है।
दो दर्जन से अधिक 102 और 108 एंबुलेंस के पहिए ठप हैं। इमरजेंसी से मरीज ले जाने और मरीजों को घर से लाने से मना कर दिया है। तीमारदार मरीजों को निजी वाहनों से अस्पताल लेकर पहुंच रहे हैं। हालांकि कई चालकों के डीजल कार्ड रिचार्ज होने और कई को उधार डीजल मिलने से एंबुलेंस के पहिए दौड़ने लगे ह। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण इलाकों की सीएचसी और पीएचसी में हो रही है। जो मरीज आ गया वो एंबुलेंस से घर नहीं जा पा रहा। क्रिटिकल मरीज हायर सेंटर रेफर नहीं हो रहे।
पेट्रोल पंपों का सात लाख रुपया उधार
एंबुलेंस चालकों ने बताया कि पिछले पांच दिन में एटा, जैथरा, अलीगंज, जलेसर, मारहरा में वे उधार डीजल से काम चला रहे थे, लेकिन उधारी सात लाख रुपये से अधिक होने से पेट्रोल पंप संचालकों ने उधार डीजल देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में मरीजों को अस्पताल से घर और घर से अस्पताल पहुंचाना मुश्लिक हो रहा है। जिले में सरकारी एंबुलेंस पर रोजाना डीजल खर्च 30-35 हजार रुपये है। शासन ने डीजल लिमिट तीन से घटा कर अब दो हजार रुपये कर दी है।
एंबुलेंस के डीजल प्रकरण को लेकर प्रमुख सचिव से बात की गई है। सीएम कार्यालय ने मामले का संज्ञान लिया है। सरकारी एंबुलेंस 108 और 102 में डीजल समस्या आसपास के कई जिलों मे आई है। एक दो दिन में समस्या का समाधान हो जाएगा।
- अमित किशोर, डीएम
मामला संज्ञान में है। धीरे-धीरे एंबुलेंस सेवा पटरी पर लौट रही है। सोमवार को सेवा पूरी तरह बहाल हो जाएगी। डीजल अव्यवस्था से शासन को अवगत करा दिया गया है।
डा. एके यादव , कार्यवाहक सीएमओ