शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। नसीरपुर क्षेत्र के गांव फतेहपुर कर्खा में राशन की दुकान के लिए सोमवार को खुली बैठक आयोजित की गई। इसमें सहमति न बनने पर मतदान कराया गया। इस दौरान दोनों पक्षों में गाली गलौज के बीच फायरिंग हो गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
राशन की दुकान के लिए सोमवार की दोपहर तीन बजे के वोट की गिनती चल रही थी। इसी बीच दोनों पक्ष के समर्थकों में गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी।
इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इसके बाद मौके पर मतगणना करा रही पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में एसओ नसीरपुर ने बताया कि फतेहपुर कर्खा में सतीशचंद्र और पंकज कटारा के बीच राशन दुकान के लिए चुनाव हुआ था।
मतगणना हो रही थी तभी दोनों के समर्थक भिड़ गए। इसी दौरान पंकज कटारा पक्ष ने फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया सतीश पुरोहित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।