जैथरा (एटा)। पुलिस हिरासत में उपचाररत सेवानिवृत्त फौजी को भतीजी की हत्या के आरोप में पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में फौजी ने भतीजी अंतिम को देखकर बहकने की बात कही। फौजी ने माना कि उसने ही भतीजी को गोली मारी थी।
बता दें कि पांच दिन पहले प्रयोगात्मक परीक्षा से लौटते समय अंगरइया के समीप भतीजी अंतिम राजपूत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी फूफा ने गोली मारकर स्वयं भी आत्महत्या का प्रयास किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल आरोपी को उपचार के लिए भेजा था। शनिवार को पुलिस ने आरोपी फूफा हरिकृष्ण को जेल भेज दिया। थाना जैथरा प्रभारी इंद्रेश पाल ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ मे बताया कि वह घर में आए दिन होने वाली कलह से मानसिक तनाव में था। प्रयोगात्मक परीक्षा से लौटते समय वह छात्रा को देख बहक गया था। इस पर उसने छात्रा को दो गोली मार दी और छात्रा के मरने पर उसने खुद को गोली मारकर जान देने का प्रयास किया।
गले नहीं उतर रही फौजी की बात
एटा। पुलिस का खुलासा और फौजी हरिकृष्ण की बात लोगों के गले नहीं उतर रही है7 फौजी बहकने के बाद टेंशन में छात्रा की हत्या करनेे की बात कह रहा है। साथ ही यह भी कह रहा है कि उसने आत्महत्या करने के लिए खुद को गोली मारी थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो छात्रा ने उससे पिस्टल छीनने का प्रयास किया था। इससे उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई। हालांकि घटना के पीछे का मूल कारण परिवारीजन और फौजी छुपा रहे है।