आगरा के थाना एत्माद्दौला के शाहदरा में आर्थिक तंगी से परेशान मजदूर कन्हैया ने फांसी लगाकर जान दे दी। शाहदरा के बघेल बस्ती निवासी छोटे लाल का बेटा कन्हैया (19) अविवाहित था। पिता के साथ मजदूरी करता था। बड़े दो भाई दिल्ली में मजदूरी करते हैं।
पिछले दिनों काम नहीं मिलने पर पिता जयपुर चले गए। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। रविवार रात को कन्हैया तकरीबन दस बजे घर लौटा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कन्हैया काम न मिलने से तनाव में था। मां पास के कमरे में ही सो रही थी। कन्हैया ने फांसी लगा ली।
सोमवार सुबह जब मां जागी तो कमरे में बेटे को लटका देख चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। परिजनों ने पुलिस को पोस्टमार्टम कराने के लिये मना कर दिया। पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक का कहना है कि प्राथमिक पूछताछ में आर्थिक तंगी में आत्महत्या करने की बात सामने आई है। अभी परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।