छाता (मथुरा)। तहसील के गांव धमसींगा में बिजली के तार से उठी चिंगारी से 24 एकड़ गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। आग से 15 लाख रुपये से अधिक का गेहूं तथा भूसा जल गया। अचानक लगी आग से किसानों में हाहाकार मच गया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
ग्रामीण आग बुझाने में लग गए। ट्रैक्टर से जुताई कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। किसान उस पर काबू पाने में असफल रहे और देर से दमकल से भी कोई मदद नहीं पहुंची। देखते ही देखते 24 एकड़ गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई।
किसानों से जिलाधिकारी से विद्युत विभाग से समूची फसल के नुकसान की क्षतिपूर्ति कराने की मांग की है। प्रदेश सरकार से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। आग से प्रधान बिरजो, अंगूरी, ऊषा, सुभाष, खूबीराम, निरोत्तम, अशोक, प्रकाश, बिहारी, डिब्बन आदि की 24 एकड़ फसल जल गई। पीड़ित किसानों के घरों में रात को चूल्हे भी नहीं जले।