कासगंज। सहावर में कोहरे के चलते टेंपो पुलिया से टकरा गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टेंपो सवार एक घायल हो गया। वहीं सिकंदराराऊ रोड पर काली नदी के बाद कोहरे की धुंध में एक ट्रक मंदिर की दीवार में घुस गया। घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अलीगढ़ रेफर किया गया है।
सहावर थाना क्षेत्र के गांव बीनपुर कलां निवासी विजय (25) पुत्र ओमकार टेंपो चलाता था। शनिवार रात तकरीबन साढ़े नौ बजे वह गांव के ही सुम्मेर पुत्र भूरे लाल के साथ टेंपो लेकर सहावर से गांव की ओर जा रहा था। रात में कोहरे के कारण टेंपो गांव खितौली के समीप एक पुलिया से टकरा गया। हादसे में विजय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुम्मेर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। टेंपो चालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं सहावर रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्रेमवीर पुत्र रामकिशन निवासी सहावर भी घायल हो गया।
कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर हाथरस की ओर से आ रहा ट्रक शनिवार देर रात नदरई के समीप काली मंदिर की दीवार में घुस गया। घटना में चालक भरतपुर के उद्योग नगर निवासी वेदवीर पुत्र रूप किशोर घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है।