आलीपुर खेड़ा (मैनपुरी)। एक साधु वेशधारी ने स्कूल से लौट रही छात्रा के साथ छेड़खानी की तो लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने बमुश्किल साधु को लोगों से बचाया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया और पुलिस पर पत्थर भी फेेंके। जैसे-तैसे गुस्साए लोगों को शांत किया जा सका।
थाना भोगांव क्षेत्र के एक गांव के मंदिर पर रहने वाले एक साधु ने स्कूली छात्रा से अश्लील हरकत करते हुए एक पत्र थमा दिया। इससे बीएससी की छात्रा सहम गई और पत्र लेकर कॉलेज चली गई। उसने साधु वेशधारी की हरकत की जानकारी अपनी सहेलियों को दी। वह जब घर लौट रही थी, तभी रास्ते में साधु फिर से छेड़खानी करने लगा।
इस बार छात्रा और उसकी सहेलियों ने हिम्मत कर उसे पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। राहगीरों की सूचना पर परिजन भी आ गए। इसके बाद लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। मारपीट से आरोपी साधु बेहोश होकर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने साधु को जिला अस्पताल भेजा। उधर घटना से गुस्साए लोगों ने रास्ते में जाम लगा दिया।
इस बीच देर से पहुंचे डायल- 100 के पुलिसकर्मियों पर छात्रा व उसकी सहेलियों ने पत्थर फेंके। किसी तरह आक्रोशित भीड़ को समझा बुझाकर जाम खुलवाया गया। करीब आधा घंटा तक जाम के चलते आवागमन प्रभावित रहा।
पुलिस पर पत्थर फेंकने वाली छात्रा का कहना है कि साढ़े तीन बजे 100 नंबर डायल किया तो बिजी जा रहा था। उसके एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। जब थाना पुलिस आ गई उसके बाद डायल 100 पुलिस पहुंची।
आलीपुर खेड़ा चौकी पर एक सप्ताह से चौकी इंचार्ज नहीं हैं। प्रभारी सत्येंद्र शर्मा का तबादला होने के बाद अभी तक वहां कोई तैनाती नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने चौकी पर इंचार्ज की तैनात करने की मांग की है।