वृंदावन (मथुरा)। लोगों को सुबह शाम की ठंड का एहसास होने लगा है। भक्त भी ठंड के इस मौसम से अपने आराध्य को बचाने के जतन कर रहे हैं। आराध्य को ठंड से बचाने के लिए भक्त ऊनी वस्त्र पहना रहे हैं। मांग को देखते हुए वृंदावन के बाजार में भी विभिन्न कलेक्शन तैयार है।
ठाकुरजी के ऊनी वस्त्रों की हर प्रकार की क्वालिटी और रेंज के ऊनी वस्त्र बाजार में उपलब्ध हैं। बाजार की दुकानें विभिन्न डिजाइन युक्त, रंगों से बनीं ऊनी, फेदर आदि की पोशाकों से सज गईं हैं।
वहीं छोटी ऊनी पोशाकों के साथ दुपट्टे, टोपियां, छोटे मफलर दुकानों पर बिकने के लिए तैयार हैं। जिन्हें खरीदने के लिए श्रद्धालुओं में उत्सुकता और श्रद्धा का भाव देखा जा सकता है।
व्यापारी आदर्श गौतम, दीपक गोयल ने बताया कि ठाकुरजी की ऊनी पोशाकें दस से लेकर हजारों रुपये तक की कीमतों तक बाजार में उपलब्ध हैं। गोविंद अग्रवाल ने बताया कि हर प्रकार की क्वालिटी और रेंज के ऊनी वस्त्र बाजार में आ गए हैं।