टूंडला। इंटरनेट कनेक्टिविटी ठीक से काम न करने के कारण तीन दिनों से रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामे नहीं हो पा रहे हैं। इसको लेकर बैनामा कराने वाले परेशान हैं। यही हाल डाकघर का बना हुआ है। यहां भी कनेक्टिविटी न आने से स्पीड पोस्ट के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है।
तहसील में बैनामा कराने वाले तीन दिन से तहसील के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कनेक्टिविटी न होने के कारण बैनामा नहीं हो पा रहे हैं। बुधवार को बैनामा कराने पहुंचे पचोखरा निवासी मोहनलाल का कहना है कि वह तीन दिन से बैनामा कराने आ रहे हैं लेकिन तहसील से हर बार लौटना पड़ रहा है। कनेक्टिविटी न आने की बात कहकर वापस कर दिया जाता है। घुरकुंआ निवासी मदन मोहन का कहना है कि तीन दिन से यह समस्या बनी हुई है। बैनामा कराना है, लेकिन इंटरनेट कनेक्टिविटी फेल रहने के कारण काम नहीं हो पा रहा है।
अधिवक्ता रविन्द्र सिंह का कहना है कि मंगलवार को यही दिक्कत आने पर उन्होंने डीएम नेहा शर्मा को अवगत कराया था तब 10 मिनट बाद ही कनेक्टिवटी आ गई थी, किंतु बुधवार को फिर से यही समस्या रही। इसकी वजह से बैनामा नहीं हो पा रहे हैं।
पिछले दो दिनों से इंटरनेट की स्पीड काफी धीमी आ रही है। कनेक्टिवटी न मिलने पर बैनामा प्रक्रिया में परेशानी आ रही है। समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
- सगीर खां, उप-रजिस्ट्रार, टूंडला