मथुरा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छाता में रजिस्ट्रेशन न दिखाए जाने पर एक पैथोलॉजी व एक क्लीनिक संचालक को नोटिस थमाया है। दोनों को तुरंत संचालन बंद करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को एसीएमओ डा. पीके गुप्ता छाता पहुंचे। यहां उन्हें देवदत्त रंगेश्वर पैथोलॉजी का संचालन करते मिल गया, पूछताछ में बताया कि उसने दो वर्ष तक मथुरा में रंगेश्वर पैथोलॉजी में काम किया है। उसे तुरंत पैथोलॉजी बंद करने की हिदायत देकर नोटिस थमाया। इसके बाद उन्होंने लाइफ लाइन क्लीनिक के संचालक डा. तेजपाल से रजिस्ट्रेशन मांगा तो वह नहीं दिखा सके।
वहां कुछ मरीजों के ड्रिप चढ़ रही थी, इस कारण क्लीनिक पर कार्रवाई नहीं की गई। उन्हें भी नोटिस दिया गया है। डा. पीके गुप्ता ने बताया कि यदि क्लीनिक संचालक ने बिना पंजीकरण के क्लीनिक का संचालन जारी रखा तो उस पर सील की कार्रवाई होगी। अभियान जारी रहेगा।