अवागढ़। पेठा कारखाना से चीनी चोरी का आरोप लगने से आहत युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। यह आरोप मृतक के भाई ने लगाते हुए अवागढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला सीर निवासी अजीत उर्फ छोटू (28) पुत्र रामबाबू, चुरथरा निवासी देवेन्द्र यादव, भूरी यादव के पेठा कारखाना में काम करता है। अवागढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अजीत के भाई सोनू ने बताया कि काम करते समय कारखाना मालिक ने उसके भाई पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसका उत्पीड़न किया। इससे उसका भाई काफी परेशान था। आरोप है इसी उत्पीडन से तंग आकर अजीत ने देर शाम घर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।