फिरोजाबाद। पॉलिथीन पर प्रतिबंध का असर मुख्य बाजार में दिख रहा है, लेकिन शहर के अन्य बाजारों में चोरी छिपे दुकानदार पॉलिथीन में सामान बेच रहे हैं। दुकानदारों को जुर्माना और छापेमारी का डर सता है।
मुख्य चौराहों पर खड़े फल एवं सब्जी विक्रेता भी कागज के पैकेट और अखबार में लपेट कर फल एवं सब्जियां बेच रहे हैं। जलेसर रोड, कोटला चुंगी, रामलीला मार्केट, नगला बरी, जाटवपुरी सहित अन्य मुस्लिम क्षेत्र के बाजारों में पॉलिथीन पर प्रतिबंध का असर कम दिख रहा है। दुकानदारों ने जुर्माने से बचने के लिए ऊपर कागज की थैली रख ली हैं, लेकिन वे चोरी छिपे पॉलिथीन में सामान बेच रहे हैं। बाजार में पॉलिथीन कम दिख रही है, लेकिन कागज की थैली मांग से बेहद कम बाजार में आ रही है।
इससे दुकानदारों को सामान देने में अखबार का प्रयोग करना पड़ रहा है। पॉलिथीन विक्रेता सचिन जैन ने बताया कि अभी बाजार में कागज की थैली बहुत कम आ रही है। कागज की थैली की मांग बढ़ी है, जबकि पहले कागज की थैली बहुत कम बिकती थी। कागज की थैली बाजार में 15 रुपये की 40 तथा 50 माइक्रोन से अधिक पॉलिथीन 160 रुपये किग्रा में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि 50 माइक्रोन से अधिक पॉलिथीन सभी मानकों को ध्यान में रखकर तैयार कराई गई है। यह तीन माह में खुद नष्ट हो जाएगी।