मथुरा। मजदूर के घर पहली बेटी के जन्म पर सरकार 25 हजार रुपये की एफडी स्वरूप 87 हजार रुपये दे रही है। यह राशि दूसरे बच्चे के रूप में एक बार फिर बेटी का जन्म होने पर भी मिलेगी। इस योजना के लिए सिर्फ पंजीकृत मजदूर होना जरूरी है।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्न निर्माण कर्मचारी कल्याण बोर्ड पंजीकृत मजदूरों को घर में बेटी के जन्म लेने पर 25 हजार रुपये की एफडी प्रदान कर रहा है। इसका भुगतान बेटी के 18 साल की होने पर 87 हजार रुपये मिलेगा। बच्ची के दिव्यांग होने पर यह राशि दोगुनी हो जाएगी। बालिका मदद योजना के तहत यह धनराशि प्रदान की जा रही है।
बेटी की शादी में 50 हजार की मदद
मथुरा। राज्य सरकार उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्न निर्माण कर्मचार कल्याण बोर्ड पंजीकृत मजदूरों को बेटी की शादी में 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दे रही है। अंतरजातीय विवाह करने पर यह राशि 61 हजार रुपये दी जाएगी। पुत्री विवाह अनुदान योजना के तहत यह राशि मजदूर के एक साल पुराने पंजीकरण पर ही प्रदान की जाएगी।
‘जनपद में पंजीकृत मजदूरों की संख्या 60 हजार से अधिक हो गई है। इसके लिए शिविर लगाकर पंजीकरण कराया जा रहा है, जिससे अधिक मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। पिछले वित्तीय वर्ष में 4.38 करोड़ रुपये पंजीकृत मजदूरों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत दिया गया है।’
प्रभात कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त मथुरा