मथुरा। परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की पदोन्नति पर फिलहाल सचिव बेसिक शिक्षा ने रोक लगा दी है। यह कदम इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद उठाते हुए बीएसए को दिशा निर्देश दिए हैं। जनपद में करीब 350 शिक्षकों की पदोन्नति होनी थी।
जनपद में पिछले कई माह से परिषदीय विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को पदोन्नत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही थी। इसमें प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान अध्यापक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक पद पर पदोन्नति होनी थी।
इसके संदर्भ में मार्च माह के दौरान सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को दिशानिर्देश जारी करते हुए संपूर्ण कार्रवाई एक माह के दौरान पूरी करने को कहा था। लेकिन जनपद में इस प्रक्रिया को कछुआ गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसे लेकर भी शिकायत हो रही थीं। लेकिन गुरुवार को सचिव बेसिक शिक्षा ने उपरोक्त पदोन्नति प्रक्रिया को हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए फिलहाल रोकने के आदेश दिए हैं।