मथुरा। मथुरा जंक्शन पर आगामी वर्ष में हवाई अड्डे की तर्ज पर सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। हर व्यक्ति की तलाशी, हर बैग की जांच और हर व्यक्ति पर टिकट होने के बाद ही जंक्शन पर प्रवेश दिया जाएगा। लेकिन, स्टेशन के प्लेटफार्म व लाइनों पर आज भी सांड़ खुलेआम घूम रहे हैं। इन्हें रेलवे अफसर नहीं रोक पा रहे। ऐसे में इस सुरक्षा व्यवस्था के धरातल पर उतारना बड़ी चुनौती होगा।
मथुरा जंक्शन के चारों ओर रेलिंग लगा देने के बाद भी स्टेशन परिसर, रेलवे लाइन व प्लेटफार्म पर सांड़ घूूमते रहते हैं। इस तरह के हालात में रेलवे अफसर मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा हवाई अड्डे की तर्ज पर विकसित करने की बात कह रहे हैं।
स्टेशन पर आने वाले वाहनों के लिए व्हीकल स्कैनर लगाने, हर यात्री का बैग की जांच के लिए बैग स्कैनर मशीनें लगाने, हर यात्री की डोरफ्रेम मेटलिक डिटेक्टर व हैंड हेल्ड मेटलिक डिटेक्टर से जांच करने, हर यात्री पर टिकट होने के बाद ही स्टेशन पर प्रवेश दिया जाएगा।
इस तरह की योजना को मंजूरी मिल गई है। सवाल उठ रहा है कि रेलवे अफसर सांड़ रोकने के ठोस इंतजाम नहीं कर पाए, ऐसे में इस सुरक्षा व्यवस्था को कैसे लागू किया जाएगा। स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह ने बताया कि देश के 90 स्टेशनों को हवाई अड्डे की तर्ज पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने हैं, उनमेें मथुरा जंक्शन को भी शामिल किया गया है।