मथुरा। महावन के बंदी दरवाजे पर प्रोतजी मार्केट में सोमवार रात चोरों ने सात दुकानों के ताले तोड़कर करीब एक लाख रुपये और दो लाख रुपये का सामान ले गए। थाने से मात्र 150 मीटर दूर हुई सात दुकानों में चोरी की वारदात से मंगलवार को दुकानदारों में उबाल आ गया। सड़कों पर उतरे व्यापारियों ने मथुरा-बलदेव मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस अफसरों के समझाने पर जाम खुल सका।
बताया गया चोर चार दुकानों से करीब एक लाख रुपये और दो लाख रुपये का सामान ले गए। इसके अलावा चोर तीन अन्य दुकानों के ताले तो तोड़ने में सफल रहे, लेकिन अंदर लगे दरवाजे को खोलने में नाकाम रहे। मंगलवार सुबह व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले। एक नहीं, बल्कि सात दुकानों के ताले टूटने से व्यापारियों मेें उबाल आ गया।
गुस्साए व्यापारियों ने एकत्रित होकर मथुरा-बलदेव मार्ग को जाम कर दिया। व्यापारी पुलिस की हीला-हवाली को कोसते हुए नारेबाजी कर रहे थे। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। व्यापारियों को समझाने के लिए सीओ महावन आलोक दुबे पहुंची। व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जल्द चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा और पूरी सुरक्षा दी जाएगी। पुलिस के आश्वासन पर व्यापारियों ने जाम खोल दिया। सीओ महावन ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरी का खुलासा करके चोरों को सलाखों केे पीछे पहुंचाया जाएगा।
जागते रहो, सो रही है पुलिस
कुछ दिन की खामोशी के बाद मथुरा में फिर ताबड़तोड़ अपराध हो रहे हैं। कहीं व्यापारियों को लूटा जा रहा है तो कहीं चोरी की वारदातों को बदमाश अंजाम दे रहे हैं। खास बात यह है कि पुलिस की नाक के नीचे घटनाएं हो रही हैं। महावन में जहां चोरी हुई है वह पुलिस चौकी से मात्र 150 मीटर दूर है। पुलिस वालों को कानोंकान खबर नहीं हुई।
पुलिस वाले आराम से सो रहे थे और बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे थे। इस प्रकार की यह कोई पहली घटना भी नहीं है। आए दिन घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस वारदात का खुलासा ही नहीं कर पा रही है। तमाम सनसनीखेज घटनाएं खुलासे के इंतजार में हैं। पुलिस अधिकारी बदलते जा रहे हैं, लेकिन घटनाओं का खुलासा नहीं हो रहा है। पुलिस चौकियों पर शाम ढले ही ताले लग जाते हैं। पुलिस की मौजूदगी शहर में कहीं दिख नहीं रही है।