फिरोजाबाद। जनपद में पेयजल संकट के निदान के लिए 270 लाख रुपये धनराशि स्वीकृत हो गई है। डीएम ने जनपद में जलापूर्ति से जुड़े कार्यों को मंजूरी दे दी है। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सभी काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है।
डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार जनपद वासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जिला योजना सामान्य के अंतर्गत जलापूर्ति योजना के लिए शासन द्वारा 120 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस रकम से जनपद की नगरीय निकायों में 17 मिनी टीटीएसपी तथा 39 नए हैंडपंप लगवाए जाएंगे।
31 हैंडपंप रीबोर भी कराए जाएंगे। इसमें नगर निकाय द्वारा निर्धारित प्राथमिकता वाले स्थल जहां जलस्तर काफी नीचा है, वहां 17 मिनी टीटीएसपी लगवाए जाएंगे। नगर निगम में नौ, टूंडला नगर पालिका में तीन, सिरसागंज, जसराना, फरिहा व एकता में एक-एक टीटीएसपी प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति सबप्लान के अंतर्गत अनुसूचित जाति बाहुल्य नगरीय क्षेत्रों में जलापूर्ति कार्यों के लिए 150 लाख रुपये धनराशि स्वीकृत हुई है। इस धनराशि से जनपद के विभिन्न नगरीय निकायों में 21 मिनी टीटीएसपी तथा 48 नये हैंडपंप लगाए जाएंगे। 40 हैंडपंप रीबोर कराए जाएंगे। फिरोजाबाद नगर निगम में 11, टूंडला नगर पालिका में पांच, सिरसागंज, शिकोहाबाद, जसराना, फरिहा व एका में एक-एक टीटीएसपी प्रस्तावित हैं।