फिरोजाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष पद हथियाने को जिले में एक बार फिर जोर आजमाइश शुरू हो गई। सपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप उर्फ छोटू को ही प्रत्याशी बनाया है। मंगलवार को आवेदन फार्म लेने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रार्थनापत्र भी पहुंच गया। वहीं दूसरा प्रार्थनापत्र वार्ड संख्या पांच से निर्मला यादव ने दिया है। पूर्व अध्यक्ष से पूर्व में किए नामांकन के दौरान दिए गए अभिलेखों को भी मांगा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सिरसागंज विधायक हरिओम यादव के पुत्र विजय प्रताप उर्फ छोटू बिना चुनाव लड़े इस पद पर काबिज हुए थे। 14 जनवरी 2016 को समारोह के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी। लेकिन प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने के बाद जिला पंचायत के अध्यक्ष पद से हटाने के लिए भाजपाई खेमा सक्रिय हो गया था। भाजपा को इसमें टिकट कटने के कारण सपा से बगावत करने वाले पूर्व विधायक रामवीर यादव, पूर्व अपर मुख्य अधिकारी सुरेश यादव, इंजीनियर राजीव यादव का सहयोग भी मिला था।
यही कारण रहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर जब 20 जुलाई 2017 को जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया तो अध्यक्ष के खिलाफ 33 जिला पंचायत सदस्यों में 24 ने मतदान किया था। जबकि पक्ष में नौ सदस्य होने के कारण आखिर अध्यक्ष खेमे ने मतदान का बहिष्कार कर दिया था।
जुलाई 2017 से ही जिला पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी डीएम नेहा शर्मा संभाल रही हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंचायत मनोज कुमार ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी थी। अधिसूचना जारी होने के बाद एक बार फिर से अध्यक्ष पद हथियाने को सपा पूरी तैयारी के साथ मैदान में है। विजय प्रताप उर्फ छोटू को पार्टी ने फिर प्रत्याशी घोषित कर दिया है। निर्मला यादव जसराना की ब्लाक प्रमुख रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र छह मार्च से नामांकन पत्र खरीदे जाएंगे। नामांकन 12 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक ही जिला मुख्यालय स्थित डीएम के न्यायालय कक्ष में दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच उसी दिन तीन बजे के बाद होगी। नाम वापसी 15 मार्च को सुबह 11 से तीन बजे तक, मतदान 19 को सुबह 11 से तीन बजे तक होगा। तीन बजे के बाद मतगणना होने के साथ परिणाम घोषित किया जाएगा।