उद्योगों को रफ्तार मिलेगी तो युवाओं को रोजगार मुहैया होगा। लखनऊ में आयोजित हुई इन्वेस्टर्स समिट में जिले के विकास को पेश किया गया। जिले के उद्यमी का प्रोजेक्ट सीएम योगी आदित्यनाथ को बहुत पसंद आया। सीएम ने प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए मंत्री और अफसरों को जगह तलाशने के बाद प्रोजेक्ट को विकसित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिले के प्रमुख घुंघरू-घंटी उद्योग की प्रदर्शनी का सीएम ने अवलोकन किया।
लखनऊ में आयोजित की गई इन्वेस्टर्स समिट में गुरुवार को जिले के उद्योगपति देवऋषि जैन ने अपना प्रोजेक्ट पेश किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रोजेक्ट के बारे में बताते हुए कहा कि जिले में एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत चिकोरी उद्योग को विकसित किया जा सकता है। जिले में पहले भी चिकोरी का उत्पादन होता रहा है। मगर प्रोत्साहन नहीं मिलने से उद्योग दम तोड़ गया। इसके साथ ही दूध कंपनियों से समझौता करके दूध डेरी को विकसित किया जाए। साथ ही आलू किसानों की परेशानी और जिले में वृहद आलू उत्पादन को देखते हुए आलू फैक्ट्री की स्थापना की जानी चाहिए। जिससे आलू पाउडर बनाया जाए, जिसकी विदेशों तक काफी मांग रहती है। साथ ही आलू, प्याज और टमाटर के साथ किसानों को हाइब्रिड बीज के बुवाई का तरीका सिखाने के लिए प्रशिक्षण आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजना के तहत 495 करोड़ रुपये से चार अच्छी यूनिटें स्थापित हो सकती हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उद्यमी देवऋषि जैन के प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कृषि मंत्री और प्रमुख सचिव को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंत्री और अफसर एटा में 500 एकड़ जमीन का चयन कराएं और बैठक कर जल्द से जल्द योजना को मूर्तरूप दें। इस दौरान सीएम ने उद्यमी देवऋषि जैन का सम्मान भी किया।
घंटियों की खनक देख हैरत में पडे़ सीएम
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले के प्रमुख घंघुरू-घंटी उद्योग की सराहना की। उद्यमी इमरान और जावेद से बात भी की। साथ ही उन्होंने घंटियों की आवाज को सुना, तो वे काफी खुश हो गए। सीएम ने जिले के उपायुक्त उद्योग को घुंघरू-घंटी उद्योग को विकसित करने के निर्देश दिए।
युवाओं को मिलेगा 25 फीसदी छूट पर ऋण
इन्वेस्टर्स समिट में हुई चर्चा के दौरान जिला उपायुक्त उद्योग सुधीर यादव ने बताया कि जिले में एक जिला एक उत्पाद के तहत उद्योगों का विकास किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को 25 फीसदी छूट पर ऋण दिया जाएगा। उन्होेंने बताया कि इसके लिए आनलाइन और एकल खिड़की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जिले में उद्योग स्थापना के प्रति जागरूकता लाई जाएगी।