राधाकुंड (मथुरा)। एनजीटी के आदेश पर मंगलवार को राधाकुंड परिक्रमा मार्ग में नगला सपेरा की संत विहार कालोनी से पंचमुखी हनुमान मंदिर तक वन विभाग ने सात पक्के मकानों को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से स्थानीय लोगों में प्रशासन और वन विभाग के प्रति आक्रोश है।
दोपहर एक बजे वन विभाग के एसओ बृजेश परमार टीम और जेसीबी के साथ संत विहार कालोनी पहुंचे। यहां उन्होंने विपिन अग्रवाल, दाऊदयाल, गोविंद कौशिक, रामभरोसी, गिर्राज, सत्तू चौकीदार, धर्मवीर के मकानों को ध्वस्त किया गया। राधाकुंड चौकी इंचार्ज सुनील कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौजूद थे। लोगों का कहना है कि उन्होेंने जमीन खरीद कर उसके बैनामे कराए थे, जब यह अवैध था तो प्रशासन ने उनकी रजिस्ट्री क्यों होने दी। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन एनजीटी के आदेश पर उनका शोषण कर रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि वे इसके खिलाफ भूख हड़ताल करेंगे।