मथुरा। रेलवे लाइन पार करते समय आए दिन होने वाले हादसे और जानवरों को लाइन पर आने से रोकने के लिए रेलवे लाइनों के दोनों ओर कॉरीडोर बनाया जाएगा। मथुरा से पलवल तक बिछाई जा रही चौथी लाइन के साथ ही यह काम शुरू कराया जाएगा।
मथुरा पलवल व मथुरा आगरा रेल खंड पर आए दिन लाइन पार करते समय बहुत लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो जाती है, वहीं चाहे जब जानवर रेल लाइनों पर आ जाने से दुर्घटना हो जाती है। तैयार हो चुके मथुरा पलवल हाईस्पीड रेलखंड पर बिछाई जा रही चौथी लाइन के साथ ही अब कॉरीडोर बनाया जाएगा। इससे आसपास के लोगों को और जानवरों को रोकने के लिए मोटे पत्थर की पटिया लगाकर कॉरीडोर बनाया जाएगा।
पलवल से कोसीकलां के बीच पहले चरण का चौथी लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। इस रूट पर गतिमान एक्सप्रेस के दौड़ने और अन्य ट्रेनों की गति बढ़ाने को लेकर अब रेलवे इंजीनियर चौथी लाइन के साथ ही कॉरीडोर बनाने का काम शुरू करने जा रहे हैं। पहले चरण में पलवल से लेकर कोसीकलां तक यह काम शुरू कराया जाएगा। रेलवे इंजीनियरों ने इसका सर्वे शुरू कर दिया है। मंगलवार को सीनियर सेक्सन इंजीनियर व मंडल इंजीनियर कोसीकलां व पलवल सर्वे करने पहुंचे।